














मुख्यमंत्री ने चोरगलिया में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश
हल्द्वानी/चोरगलिया, 16 अगस्त 2026। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज जनपद नैनीताल के भ्रमण पर राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी, चोरगलिया पहुंचे। हैलीपैड पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
जनता की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
मुख्यमंत्री धामी ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
9.93 करोड़ की लागत से बने शेर नाला पुल का लोकार्पण
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया।
मानसून में आवागमन की समस्या से मिलेगी राहत
शेर नाला में बरसात के दौरान उफान आने से क्षेत्रवासियों को लंबे समय से आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। नाला उफान पर आने के कारण कई बार यातायात बाधित हो जाता था और लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।
नव निर्मित डबल लेन पुल के शुरू होने से चोरगलिया क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ ही हल्द्वानी-सितारगंज मार्ग पर आवागमन करने वाले लोगों और पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने पुल के निर्माण एवं लोकार्पण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य बिंदु:
₹9.93 करोड़ की लागत से पुल का निर्माण
120 मीटर लंबा डबल लेन आरसीसी पुल
हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर स्थित
मानसून में शेर नाला के उफान से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने जनसमस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

