नैनीताल जिले में 48 स्थानों पर चला वृहद स्वच्छता अभियान, सिंगल यूज प्लास्टिक और कूड़ा-कचरा किया गया एकत्र


नदी तटों और जलस्रोतों की सफाई के साथ ग्रामीणों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
नैनीताल/भीमताल/हल्द्वानी, 11 अगस्त 2026 (सूवि)।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में जनपद नैनीताल में वृहद स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। मंगलवार को भी जनपद के विभिन्न विकासखंडों, ग्राम पंचायतों एवं पंचायती राज विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत जनपद के 48 स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक, ठोस अपशिष्ट एवं अन्य कूड़ा-कचरा एकत्र कर सफाई की गई। जिला पंचायती राज अधिकारी सुरेश बैनी ने बताया कि सभी विकासखंडों की ग्राम पंचायतों के साथ-साथ वन एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसहयोग से व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया।
नदी तटों और जलस्रोतों की विशेष रूप से की गई सफाई
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों, नदी तटों एवं प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ और कूड़ा मुक्त बनाए रखना है। अभियान के दौरान विभिन्न क्षेत्रों एवं उनके आसपास फैले कूड़े-कचरे तथा अन्य ठोस अपशिष्ट को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया।
विभिन्न जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं अभियान में शामिल लोगों ने श्रमदान करते हुए नदी तटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। अभियान में लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी करते हुए स्वच्छता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई।
जलस्रोतों में कूड़ा न डालने की अपील
इस दौरान ग्रामीणों को नदी एवं प्राकृतिक जलस्रोतों में कूड़ा-कचरा न डालने तथा जलस्रोतों को स्वच्छ एवं संरक्षित रखने के लिए जागरूक किया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए अपने आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया।
ग्रामीणों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *