नशे में धुत ट्रक चालक का हाईवे पर तांडव, कई वाहनों को मारी टक्कर; तीन युवक बाल-बाल बचे
लालकुआं। हल्दूचौड़ से लालकुआं की ओर आ रहे एक ट्रक चालक ने कथित रूप से नशे की हालत में हाईवे पर जमकर उत्पात मचाया। बेकाबू ट्रक ने रास्ते में कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक ने अवंतिका मंदिर ओवर ब्रिज के पास बरेली नंबर की एक Tata Nexon को भी जोरदार टक्कर मार दी। कार में सवार तीन युवक बाल-बाल बच गए जबकि यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।
इससे पहले भी ट्रक चालक ने हाईवे पर एक टेंपो को टक्कर मार दी थी, जिसमें बैठे एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चालक को हिरासत में ले लिया। घटना के समय नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी भी मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर सड़क पर लगे जाम को खुलवाने में मदद की।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। चालक के मेडिकल परीक्षण की प्रक्रिया भी की जा रही है ताकि नशे की पुष्टि की जा सके। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
