️ मंत्री कैड़ा ने CM धामी से की मुलाकात, भीमताल विधानसभा में आपदा राहत के लिए धनराशि स्वीकृत करने की मांग

देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र में हाल में हुई भारी बारिश से हुए नुकसान की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों के लिए आपदा मद से धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।

ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल में भारी नुकसान

मंत्री कैड़ा ने बताया कि भारी वर्षा के कारण ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में व्यापक नुकसान हुआ है। कई ग्रामीणों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, जबकि मकानों के आगे-पीछे भूस्खलन होने से लोगों के सामने सुरक्षा का खतरा बना हुआ है।

पेयजल और बिजली की लाइनें ध्वस्त, किसानों की भूमि भी बही

भूस्खलन और नदी के कटाव के कारण कई स्थानों पर पेयजल लाइनें और विद्युत व्यवस्था क्षतिग्रस्त हो गई है। नदियों के तेज बहाव में किसानों की भूमि बहने से ग्रामीणों को भारी नुकसान हुआ है। वहीं कई मोटर मार्ग भी जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।

भीमताल में दुकानों में घुसा पानी और मलबा

मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि भीमताल खुटानी नाले के उफान के चलते भीमताल की कई दुकानों में पानी और मलबा भर गया, जिससे व्यापारियों और स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

आपदा में दो लोगों की मौत का भी किया जिक्र

मंत्री कैड़ा ने बताया कि भीमताल क्षेत्र में आपदा के दौरान दो लोगों की मृत्यु भी हुई है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को राहत एवं मुआवजा देने की आवश्यकता पर भी मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्यमंत्री से जल्द नुकसान का आकलन कराने की मांग

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भीमताल विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का शीघ्र आकलन कराने, प्रभावितों को मुआवजा उपलब्ध कराने तथा क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों, पेयजल लाइनों और विद्युत व्यवस्था को जल्द बहाल करने के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि स्वीकृत करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *