स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति एवं तराई पूर्वी वन प्रभाग द्वारा वृहद स्वच्छता एवं वृक्षारोपण अभियान आयोजित

हल्द्वानी, 15 अगस्त 2026।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर आज दिनांक 15 अगस्त 2026 को जिला गंगा समिति, नैनीताल एवं तराई पूर्वी वन प्रभाग, हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में स्वतंत्रता दिवस समारोह के साथ स्वच्छता अभियान एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के माध्यम से नागरिकों एवं कार्मिकों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यबोध, स्वच्छता, नशामुक्ति तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभागीय वनाधिकारी, तराई पूर्वी वन प्रभाग, श्री दीपक कुमार सिंह, आई.एफ.एस. द्वारा ध्वजारोहण के साथ किया गया। इसके पश्चात प्रभाग के विभिन्न कार्मिकों द्वारा स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं देश की आजादी के संघर्ष पर विचार व्यक्त किए गए। वक्ताओं द्वारा स्वतंत्रता के साथ प्राप्त अधिकारों एवं उनसे जुड़े नागरिक कर्तव्यों के महत्व पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी श्री दीपक कुमार सिंह ने सभी कार्मिकों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति की स्वतंत्रता का एक बड़ा शत्रु है। नशे की गिरफ्त में आने के बाद व्यक्ति धीरे-धीरे अपनी इच्छाशक्ति और निर्णय लेने की स्वतंत्रता खो देता है तथा नशे का पराधीन हो जाता है। उन्होंने सभी से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।

डीएफओ द्वारा अपने कार्मिकों को कार्यस्थल पर प्रत्येक परिस्थिति में चेहरे पर मुस्कान बनाए रखते हुए सकारात्मक सोच एवं उत्साह के साथ कार्य करने के लिए भी प्रेरित किया गया। उन्होंने कहा कि सकारात्मक वातावरण से कार्यक्षमता बढ़ती है और टीम भावना को मजबूती मिलती है।

इसके उपरांत प्रभाग परिसर में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में वन विभाग के विभिन्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए परिसर की साफ-सफाई की। इस दौरान स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता का संदेश देते हुए लोगों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा पर्यावरण को स्वच्छ रखने की अपील की गई।

कार्यक्रम का समापन वृक्षारोपण अभियान के साथ हुआ। प्रभागीय वनाधिकारी सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस अवसर पर सभी ने पर्यावरण संरक्षण, हरित क्षेत्र के विस्तार तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी श्री दीपक कुमार सिंह, आई.एफ.एस.; एस.डी.ओ. श्री अनिल जोशी; जिला परियोजना अधिकारी, जिला गंगा समिति, नैनीताल श्री पीयूष तिवारी; सीनियर प्रोजेक्ट एसोसिएट श्री भास्कर जोशी, साल ए.एन.आर.; वन क्षेत्राधिकारी, गौला श्री चंदन सिंह अधिकारी सहित तराई पूर्वी वन प्रभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “नशे से आजादी, गंदगी से आजादी और प्रदूषण से आजादी” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित समाज के निर्माण का संकल्प लिया गया।

  • वन क्षेत्राधिकारी, गौला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *