हल्द्वानी में 9 सितंबर को होगा भव्य गौरव सेनानी सम्मान समारोह, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने तैयारियों का लिया जायजा


पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और उनके आश्रितों के सम्मान में होगा गरिमामय आयोजन
वाटिका बैंक्वेट हॉल में आयोजित होगा गौरव सेनानी सम्मान समारोह
समारोह की तैयारियों को लेकर मंत्री गणेश जोशी ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध व्यवस्था के निर्देश
हल्द्वानी, 05 सितंबर 2026। आगामी 09 सितंबर 2026 को हल्द्वानी में आयोजित होने वाले गौरव सेनानी सम्मान समारोह को सफल एवं भव्य बनाने के लिए सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक में मंत्री गणेश जोशी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि समारोह को भावपूर्ण, गरिमामय और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाए। उन्होंने सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि समारोह में शामिल होने वाले पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं।
उन्होंने बताया कि गौरव सेनानी सम्मान समारोह हल्द्वानी स्थित वाटिका बैंक्वेट हॉल में आयोजित किया जाएगा। समारोह का उद्देश्य राष्ट्र की सेवा में अपना सर्वस्व अर्पित करने वाले वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं के योगदान का सम्मान करना है।
इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा भी लिया।
समीक्षा बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्या, हल्द्वानी मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, भाजपा जिला महामंत्री तरुण बंसल, मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विभिन्न दायित्वधारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *