
हल्द्वानी, 5 सितंबर 2026। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय हल्द्वानी में आयोजित जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, बकाया धनराशि, राजस्व मामलों, वाहन दुर्घटनाओं, अवैध खनन वाहनों और आपराधिक गतिविधियों समेत नागरिकों की विभिन्न समस्याएं सुनीं। आयुक्त ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ढिकुली में 31 साल से बंदोबस्ती लंबित, आयुक्त ने जताई कड़ी नाराजगी

रामनगर तहसील के ढिकुली क्षेत्र में पिछले 31 वर्षों से राजस्व विभाग की बंदोबस्ती प्रक्रिया पूरी नहीं होने का मामला सामने आया। इस पर आयुक्त दीपक रावत ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अपर जिलाधिकारी और उप जिलाधिकारी को तत्काल बंदोबस्ती की कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सड़क अतिक्रमण और खनन वाहनों पर आयुक्त सख्त

गौजाजाली निवासी जरीन फातिमा ने सड़क पर अतिक्रमण, अनियंत्रित खनन वाहनों और बुग्गियों के खड़े रहने तथा सड़क पर भवन निर्माण सामग्री रखे जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इन कारणों से दुर्घटनाएं होती रहती हैं और पिछले माह 12 वर्षीय बच्ची की मौत भी हो चुकी है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए आयुक्त ने नगर मजिस्ट्रेट, पुलिस क्षेत्राधिकारी और परिवहन विभाग को सड़क से अतिक्रमण हटाने तथा अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों, बुग्गियों और निर्माण सामग्री को हटाने के निर्देश दिए। साथ ही नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने को कहा।
एक नंबर पर चल रही दो स्कूटी! आयुक्त ने दिए जांच के आदेश

ईशा डंगवाल ने शिकायत की कि मई में खरीदी गई उनकी नई स्कूटी के नंबर पर दूसरी स्कूटी भी संचालित हो रही है और उसका चालान उनके मोबाइल पर पहुंच रहा है। मामले को गंभीर मानते हुए आयुक्त ने परिवहन विभाग, पुलिस और संबंधित स्कूटी डीलर को मौके पर बुलाकर जानकारी ली तथा तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
गोलापार में जमीन धोखाधड़ी का मामला, वन विभाग को कब्जा लेने के निर्देश

अशोक सक्सेना एवं गोरी ने गोलापार में खरीदी गई भूमि में धोखाधड़ी की शिकायत रखी। जांच में भूमि वन विभाग की होने की जानकारी सामने आने पर आयुक्त ने वन विभाग को तत्काल भूमि अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
भूमि विवाद में ₹50 हजार वापस कराने के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान भूमि संबंधी एक मामले में आयुक्त ने संबंधित बिचौलिए को भूमि स्वामी की ₹50 हजार की धनराशि तत्काल वापस करने के निर्देश दिए।
खटीमा के भूमि विवाद में CO को एक सप्ताह का अल्टीमेटम

खटीमा निवासी सविता बिंजोला ने विक्रय की गई भूमि की धनराशि वापस दिलाने की मांग की। मामले में आयुक्त ने पुलिस क्षेत्राधिकारी खटीमा को एक सप्ताह के भीतर समस्या का समाधान कर कार्रवाई की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
ग्रामीण बैंक ऋण मामले में भी दिए समाधान के निर्देश

हल्दूचौड़ निवासी भुवन चंद्र ने ग्रामीण बैंक से लिए गए ऋण की अदायगी और सरफेसी की कार्रवाई से जुड़ी समस्या रखी। आयुक्त ने उप जिलाधिकारी हल्द्वानी और ग्रामीण बैंक अधिकारियों को मामले की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में भूमि विवादों समेत कई मामलों का मौके पर निस्तारण

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने जनसुनवाई के दौरान नागरिकों की विभिन्न शिकायतों को गंभीरता से सुना। उन्होंने अधिकांश मामलों में मौके पर ही समाधान कराया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। खासतौर पर सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण, भूमि विवाद और परिवहन संबंधी मामलों में आयुक्त ने अधिकारियों को लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।

