ज्योलिकोट में मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस, विद्यार्थियों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारीविधिक जागरूकता शिविर में युवाओं को नशे व गलत संगत से दूर रहने की दी गई सलाह


ज्योलिकोट, नैनीताल, 12 अगस्त 2026। अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर शहीद हीरा बल्लभ भट्ट राजकीय इंटर कॉलेज, ज्योलिकोट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की ओर से विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष/जिला न्यायाधीश श्री प्रशांत जोशी के आदेशानुसार किया गया।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल की सचिव पारुल थपलियाल ने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए तथा गलत संगत और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहना चाहिए।
साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय
शिविर के दौरान विद्यार्थियों को बढ़ते साइबर अपराध के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को अंजान लिंक, वेबसाइट और किसी भी प्रकार के लालच में आकर अपनी व्यक्तिगत अथवा बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साथ ही डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
सचिव पारुल थपलियाल ने साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। इसके अलावा विद्यार्थियों को विधिक सहायता के लिए नालसा टोल-फ्री नंबर 15100 तथा बच्चों की सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के बारे में भी बताया गया।
प्रधानाचार्य ने किया अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य कुंदन सिंह बुदियाल द्वारा सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का स्वागत करते हुए की गई। उन्होंने विद्यार्थियों को अंतर्राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं दीं और जागरूकता शिविर को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया।
शिविर में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *