मिलावटखोरी पर शिकंजा, दूध-घी-दाल से लेकर काजू, नूडल्स व मसालों तक के लिए नमूने

नैनीताल, 26 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बुधवार को हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी, रामनगर सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संग्रह अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मिलावटखोरी पर प्रभावी रोकथाम और आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना रहा।
हल्द्वानी-कालाढूंगी में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच
हल्द्वानी एवं कालाढूंगी क्षेत्र में विभिन्न खाद्य विनिर्माण इकाइयों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विधिक खाद्य नमूने संकलित किए गए। इनमें उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, कृष्णा सॉस, काजू, नूडल्स तथा अरहर दाल के नमूने प्रमुख रूप से शामिल हैं।
कालाढूंगी में अभियान के दौरान एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।
रामनगर में चार प्रतिष्ठानों का निरीक्षण
रामनगर के चिलकिया क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान आटा एवं गरम खड़ा मसाला सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लिए गए।
हल्द्वानी ग्रामीण में दूध, घी और वनस्पति के नमूने
हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नन्दकिशोर के नेतृत्व में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वनस्पति, दूध और घी के नमूने संकलित किए गए। इसके अलावा खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ला के सर्वे नमूने भी लिए गए हैं।
संकलित विधिक खाद्य नमूनों को परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है।
मिलावट मिलने पर होगी कठोर कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारी सीजन में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयां खरीदते समय गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी प्रकार की मिलावट या अनियमितता की सूचना खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
— अजब सिंह रावत
सहायक आयुक्त (अभिहित अधिकारी)
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद नैनीताल

