
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी राज्य में विकास कार्यों के साथ लोगों की सुरक्षा के लिए भी लगातार काम कर रहे हैं. रूस में फंसे दो भाइयों की स्वदेशी वापसी के बाद अब सीएम धामी ने सऊदी अरब में फंसे एक युवक की वापसी की कोशिशें तेज कर दी हैं.
जिसके लिए सीएम धामी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा है. जिसमें उन्होंने विदेश मंत्री से उत्तराखंड के युवक की सकुशल वापसी में मदद की मांग की है.
सऊदी अरब में फंसे हैं टिहरी गढ़वाल के इंद्रमणि नौटियाल
बता दें कि उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल पिछले कई सालों से सऊदी अरब में फंसे हुए हैं. उनके परिवार से सीएम धामी से इंद्रमणि की सकुशल वापसी में मदद की गुहार लगाई थी. इसके बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कोशिशें शुरू कर दी अब विदेश मंत्री को पत्र लिखकर इंद्रमणि नौटियाल की वतन वापसी में मदद करने का अनुरोध किया है. सीएम धामी ने अपने पत्र में इंद्रमणि नौटियाल की सकुशल स्वदेश वापसी के लिए भारत सरकार के स्तर से तत्काल आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया है. सीएम ने इस मामले में इंद्रमणि नौटियाल को आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उन्हें बंधक अवस्था से मुक्त कराकर सकुशल भारत वापस लाने के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी हस्तक्षेप करने का भी आग्रह किया है.
2018 में सऊदी अरब गए थे इंद्रमणि
बता दें कि टिहरी गढ़वाल जनपद के जौनपुर ब्लॉक के गौरसाड़ा गांव के रहने वाले देवी राम नौटियाल का बेटा इंद्रमणि नौटियाल 2018 में रोजगार के लिए सऊदी अरब गया था. जहां इंद्रमणि नौटियाल पिकक रोड्स एंड कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी, रियाद (सऊदी अरब) में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे. 2018 में जब वे ड्यूटी पर थे तभी एक गंभीर सड़क हादसा हो गया. इसके बाद सऊदी अरब की न्यायिक प्रक्रिया के तहत इंद्रमणि नौटियाल को एक वर्ष के कारावास तथा ट्रक बीमा एवं पंजीकरण संबंधी कमी के चलते कंपनी मालिक पर 9 लाख सऊदी रियाल का जुर्माना लगा था. जुर्माने की भारतीय मुद्रा में अनुमानित राशि लगभग 2.29 करोड़ रुपये बताई गई है.
कंपनी मालिक ने नहीं किया जुर्माने की राशि का भुगतान
इस हादसे के गई साल बीत जाने के बाद भी कंपनी मालिक ने जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं किया. जिसके चलते नौटियाल को कथित रूप से बंधक जैसी स्थिति में रखकर जुर्माना अदा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है. उनकी पत्नी एवं पुत्री द्वारा अपने स्तर से नौटियाल की स्वदेश वापसी के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सहायता नहीं मिली. इसके कारण परिवार मानसिक एवं आर्थिक रूप से अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है.
सीएम धामी ने विदेश मंत्रालय से मानवीय हस्तक्षेप का किया अनुरोध
परिवार की गुहार पर सीएम धामी ने केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को भेजे पत्र में पूरे प्रकरण का संदर्भ देते हुए इंद्रमणि नौटियाल को बंधक अवस्था से मुक्त कराने, आवश्यक न्यायिक एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा उनकी सकुशल स्वदेश वापसी सुनिश्चित कराने के लिए तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने का अनुरोध किया है.
इसके साथ ही सीएम ने कहा है कि विदेश में कठिन परिस्थितियों में फंसे किसी भी उत्तराखंडी नागरिक की सहायता के लिए राज्य सरकार हर संभव प्रयास करेगी. उन्होंने केंद्र सरकार एवं विदेश मंत्रालय से प्रकरण में मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए प्रभावी हस्तक्षेप की अपेक्षा की है, जिससे इंद्रमणि नौटियाल को राहत मिल सके उनका परिवार उनकी सकुशल स्वदेश वापसी की उम्मीद पूरी कर सके. बता दें कि हाल में रूस में फंसे दो भाईयों की सीएम धामी की मदद से स्वदेश वापस हो सकी.

