हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में चुनावी बवाल: प्रत्याशी के समर्थकों ने छात्रा से की अभद्रता, दो गुट भिड़े

हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा छात्रा से अभद्रता पर दो पक्षों में मारपीट हो गई। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठियां फटकारीं। छात्रा ने कोतवाली में कुछ युवकों के खिलाफ तहरीर दी है।

हल्द्वानी के एमबीपीजी कॉलेज में चुनावी माहौल तैयार हो चुका है। प्रचार-प्रसार के दौरान आपसी विवाद के मामले भी सामने आ रहे हैं। शनिवार को भी एक प्रत्याशी की समर्थक छात्रा से अभद्रता के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। कोतवाली और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए जमीन में लाठियां भी फटकारीं। वहीं छात्रा की तरफ से हल्द्वानी कोतवाली में कुछ युवकों के खिलाफ तहरीर दी गई है। 

पीड़ित छात्र ने बताया कि वह छात्रसंघ चुनाव के प्रत्याशी हैं। शनिवार को उनकी हेल्पडेस्क पर कुछ समर्थक छात्राएं बैठी थीं। तभी वहां दूसरे पक्ष के कुछ युवक पहुंचे और छेड़छाड़ करना शुरू कर दिया। छात्रा ने कॉल करके उन्हें बुलाया और जब वह पहुंचे तब आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बताया कि विवाद की स्थिति देख वह प्राचार्य को लिखित शिकायत देने के लिए जाने लगे। तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में ही रोका और एकत्र होकर पीटने लगे। किसी तरह वह जान बचाकर भागे। इसकी खबर फैलते ही उनके अन्य समर्थक भी पहुंच गए और दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। स्कूल प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हंगामा करने वाले कुछ लड़कों को हिरासत में ले लिया। वहीं पीड़ित छात्रा ने पुलिस को तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग रखी। 

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य लोगों के मोबाइल से मिली वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। मारपीट करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। हिरासत में लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *