हल्द्वानी-लालकुआं-पंतनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-109) पर अंडरपास की कमी, अवैज्ञानिक कटों और लगातार हो रहे जानलेवा हादसों के मुद्दे पर

हाईवे की बदहाली पर सांसद अजय भट्ट सख्त, एनएच अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार
सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण सिंह खाती की मौजूदगी में होगा एनएच का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण,3 दिन में मांगी विस्तृत रिपोर्ट।

हल्द्वानी/लालकुआं।

नैनीताल-ऊधमसिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री अजय भट्ट ने बेहद कड़ा रुख अपना लिया है। राजमार्ग को दुर्घटनामुक्त बनाने और स्थानीय जनसमस्याओं के समाधान को लेकर गुरुवार को हल्द्वानी स्थित सांसद आवास पर नेशनल हाईवे (एनएच) के उच्चाधिकारियों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की एक उच्च स्तरीय संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस दौरान सांसद अजय भट्ट ने एनएच अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गहरी नाराजगी जताते हुए दो-टूक शब्दों में कहा कि जनता की जान-माल की सुरक्षा के साथ कोई भी समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में ‘क्षेत्रीय जनसमस्या निवारण संघर्ष समिति’ के मुख्य संयोजक पीयूष जोशी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कैलाश भट्ट, ग्राम प्रधान पूजा बिष्ट और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कार्तिक बमेठा सहित कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मजबूती से क्षेत्र की पैरवी की। पंचायत प्रतिनिधियों ने सांसद को हाईवे की जमीनी हकीकत बताते हुए अवगत कराया कि ग्रामीण लिंक मार्गों और सघन आबादी वाले संगम स्थलों पर अंडरपास (VUP/LVUP) और रोटरी न होने के कारण ग्रामीण, स्कूली बच्चे और किसान आए दिन तेज रफ्तार डंपरों का शिकार हो रहे हैं। इसके साथ ही, भविष्य में प्रस्तावित ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ के कारण रेलवे फाटकों के बंद होने की स्थिति में ग्रामीणों का संपर्क पूरी तरह कट जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया और 26-सूत्रीय विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में दर्ज दुर्घटनाओं के डराने वाले आंकड़ों और ग्रामीणों की जायज मांगों को देखते हुए सांसद अजय भट्ट ने एनएच अधिकारियों की जमकर क्लास ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे एसी कमरों में बैठकर योजनाएं न बनाएं, बल्कि तत्काल बाहर निकलकर जमीनी हकीकत का मुआयना करें। सांसद ने सख्त हिदायत दी कि विभाग के अधिकारी तत्काल इस मामले का संज्ञान लें और अगले 2 से 3 दिनों के भीतर शिकायतकर्ताओं व स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर सभी चिन्हित ब्लैक-स्पॉट्स (हल्दूचौड़, दौलिया, मोटा हल्दू, बेरीपड़ाव और बबरगुमटी) का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करें। साथ ही, सांसद ने अधिकारियों से कहा कि निरीक्षण के पश्चात ज्ञापन में उठाए गए सभी 26 बिंदुओं, विशेषकर ग्रेड-सेपरेटेड अंडरपास (LVUP/VUP) और सर्विस रोड के तकनीकी समाधानों पर तत्काल विस्तृत आख्या (रिपोर्ट) प्रस्तुत की जाए। उन्होंने दो-टूक कहा कि राजमार्ग पर हो रहे हादसों को रोकने के लिए जो भी सुधारात्मक कदम उठाने हों, वे अविलंब उठाए जाएं, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
अधिकारियों द्वारा किसी भी प्रकार की हीलाहवाली या कागजी खानापूर्ति को रोकने के लिए सांसद अजय भट्ट ने एक बड़ा निर्देश दिया है। तय हुआ है कि आगामी 2-3 दिनों में एनएच की तकनीकी टीम द्वारा जो संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया जाएगा, उसमें सांसद प्रतिनिधि के रूप में श्री लक्ष्मण सिंह खाती विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। श्री खाती मौके पर एनएच अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के बीच समन्वय स्थापित करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि निरीक्षण की रिपोर्ट में जनता की मांगों को प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए।
सांसद अजय भट्ट के इस त्वरित और कड़े हस्तक्षेप, तथा सांसद प्रतिनिधि की निगरानी में होने वाले आगामी स्थलीय निरीक्षण के फैसले से लालकुआं और हल्द्वानी क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों में भारी उत्साह है। लंबे समय से हाईवे पर सुरक्षित आवागमन की राह देख रहे क्षेत्रवासियों को अब एक स्थायी और तकनीकी समाधान की मजबूत उम्मीद जग गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *