हल्द्वानी RTO दफ्तर में चली गोली, छत में घुसी बुलेट; बाल-बाल बचे कर्मचारी


प्रशासनिक अधिकारी की पिस्टल से अचानक फायरिंग, मचा हड़कंप — पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल खंगाला, पिस्टल कब्जे में लेकर जांच शुरू
हल्द्वानी। आरटीओ कार्यालय में मंगलवार को प्रशासनिक अधिकारी की पिस्टल से अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। गोली कार्यालय की छत में जा घुसी। गनीमत रही कि फायरिंग की चपेट में कोई कर्मचारी या अधिकारी नहीं आया और बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद आरटीओ कार्यालय में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मुखानी कोतवाली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल पिस्टल को भी कब्जे में ले लिया।
 आखिर किन परिस्थितियों में चली गोली?
प्रशासनिक अधिकारी की पिस्टल से गोली किन परिस्थितियों में चली, इसका अभी स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है और संबंधित कर्मचारी से भी पूछताछ की जा रही है।
आरटीओ प्रशासन गुरदेव सिंह ने बताया कि मामले की पुलिस जांच चल रही है। वहीं एडिशनल एसपी अमित कुमार के अनुसार, पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
फिलहाल मामले में किसी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस अपने स्तर से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।
 वायरल वीडियो में दिखी जांच
घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आए वायरल वीडियो में पुलिस और फॉरेंसिक टीम आरटीओ कार्यालय में घटनास्थल की जांच करती नजर आ रही है। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और फायरिंग की परिस्थितियों को समझने के लिए जांच की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *