




लालकुआं/मोटाहल्दू। मोटाहल्दू में रेलवे क्रॉसिंग के पास सड़क पर जलभराव के कारण लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए आज प्रशासनिक अधिकारियों एवं राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ प्रभावित स्थानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान जल निकासी की व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आम लोगों को आवागमन में सुविधा देने के लिए आवश्यक कार्यों पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न स्थानों को अधिक सुविधाजनक और सुरक्षित बनाए जाने को लेकर भी सुझाव दिए गए। अधिकारियों को सड़क किनारे जल निकासी, यातायात व्यवस्था और यात्रियों की सुविधा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।
तीनपानी-गोरापड़ाव में बनेंगे तीन नए अंडरपास
क्षेत्र में रोजाना लगने वाले जाम से निजात दिलाने के लिए तीनपानी-गोरापड़ाव क्षेत्र में तीन नए अंडरपास का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही लालकुआं से गोरापड़ाव तक सुविधाजनक कट, सर्विस लेन और पैदल यात्रियों के लिए पथ विकसित किए जा रहे हैं।
लालकुआं तक 2 किलोमीटर में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था
लालकुआं से गोरापड़ाव मार्ग पर विस्तारित ड्रेनेज व्यवस्था के साथ करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था भी की जा रही है। इन कार्यों के पूरा होने से स्थानीय लोगों के साथ ही इस मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टमटा तथा सांसद अजय भट्ट के प्रयासों से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और यात्रियों को सुगम आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि निर्माणाधीन कार्यों को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को जाम, जलभराव और आवागमन संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

