हल्द्वानी में बाल अधिकार एवं संरक्षण पर जागरूकता कार्यशाला आयोजितबाल अधिकारों की सुरक्षा सरकार ही नहीं, समाज की सामूहिक जिम्मेदारी: योगेश सिंह रजवार


हल्द्वानी, 27 अगस्त 2026। सीनियर सेकेंडरी स्कूल शैमफोर्ड, हल्द्वानी में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के निर्देशों के क्रम में बाल अधिकार एवं बाल संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य श्री योगेश सिंह रजवार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को बच्चों के अधिकार, सुरक्षा, संरक्षण और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान श्री योगेश सिंह रजवार ने बाल अधिकारों एवं बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।
बच्चों की सुरक्षा सामूहिक जिम्मेदारी
आयोग सदस्य योगेश सिंह रजवार ने कहा कि बच्चों के अधिकारों और सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल सरकार या किसी एक संस्था की नहीं, बल्कि अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन और पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों के साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाना चाहिए और उनकी समस्याओं को समझकर समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराना सभी का दायित्व है।
उन्होंने बच्चों को नशे से दूर रखने तथा उनकी दैनिक गतिविधियों और आवागमन को लेकर अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन को विशेष सतर्कता बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को यह जानकारी रखनी चाहिए कि बच्चे स्कूल आने-जाने के दौरान किस बस, ऑटो या अन्य वाहन से यात्रा कर रहे हैं और उनके साथ कौन लोग हैं। स्कूल बस एवं ऑटो चालकों सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कर्मचारियों के आचरण और पृष्ठभूमि को लेकर भी आवश्यक सावधानी बरतना जरूरी है।
सरकार बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रतिबद्ध
श्री रजवार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार बच्चों को सुरक्षित और उचित वातावरण में बेहतर शिक्षा एवं संरक्षण उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। बच्चों एवं युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नई योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वहीं बाल अधिकारों की रक्षा एवं बच्चों के उचित संरक्षण के लिए आयोग भी लगातार धरातल पर कार्य कर रहा है।
विद्यार्थियों को POCSO एक्ट और चाइल्ड हेल्पलाइन की जानकारी
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर, चाइल्ड हेल्पलाइन किरन पंत ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम, बाल अधिकारों एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार की असुरक्षा, उत्पीड़न अथवा समस्या की स्थिति में जागरूक रहने और अपनी बात किसी विश्वसनीय व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की और बाल अधिकार एवं संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी जिज्ञासाएं भी साझा कीं।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम बेहद महत्वपूर्ण हैं। विद्यालय बच्चों के लिए सुरक्षित, स्वस्थ एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन एडवोकेट दयासागर बिष्ट, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक्स अंजू भट्ट, प्रधानाचार्या संतोष पांडे, विनोद खोलिया, पब्लिक स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश भगत, सेक्रेटरी सौरभ पाठक, खंड शिक्षा अधिकारी के प्रतिनिधि निशिकांत जोशी, कल्पना जोशी, चाइल्ड हेल्पलाइन की डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर किरन पंत, केस वर्कर बीना, युवा मोर्चा के देवेश सम्भल, मनोज गोस्वामी सहित विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य, अभिभावक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *