Haldwani News: महिला और देवताओं पर अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में व्लॉगर ज्योति गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें

सोशल मीडिया पर कुमाऊं की महिलाओं और देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी के आरोप में व्लॉगर ज्योति अधिकारी गिरफ्तार।

सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर कुमाऊं की महिलाओं और देवताओं के बारे में दराती हाथ में लहराते हुए अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के आरोप में ऊंचापुल निवासी जूही चुफाल ने व्लॉगर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुखानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। ज्योति के खिलाफ आर्म्स एक्ट के साथ ही दंगा कराने के इरादे से भीड़ को उकसाने का आरोप है। थाने में पूछताछ के बाद ज्योति अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना के बाहर उनके समर्थकों से पुलिस की नोकझोंक भी हुई।

पुलिस को दी तहरीर में जूही चुफाल ने कहा कि हरिपुर लालमणी किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ज्योति अधिकारी की वीडियो सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर वायरल हो रही है। इसमें वह दराती लहराते हुए महिलाओं के बारे में टिप्पणी कर रही हैं। पहाड़ के देवताओं के लिए भी अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल कर रही है। इससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

मुखानी एसओ सुशील जोशी ने बताया कि जूही की तहरीर पर ज्योति अधिकारी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 27, 192 (दंगा भड़काने के इरादे से उकसाना), 196 (धर्म जाति, भाषा के आधार पर शत्रुता फैलाने), 299 व 302 (धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने) की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई।

ज्योति अधिकारी के खिलाफ तहरीर मिली थी। मुखानी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से दराती भी बरामद की गई है। – मनोज कुमार कत्याल, एसपी सिटी

जिगरा है तो मैदान में आना…

पुलिस ने ज्योति अधिकारी के घर जाकर नोटिस तामील कराया तो वह लाइव वीडियो बनाती रही। जब कार में सवार होकर वह थाने के लिए निकलीं तो भी वीडियो बनाती रही। इसमें उसने वादी जूही चुफाल पर निशाना साधा। वीडियो में वह कह रही है कि जिसने भी ये केस किया है सुनने आया है वो भी महिला ही है, बच्ची है। मैं उससे कहना चाहती हूं, बहन आना जरूर सामने। ऐसा न हो ऑनलाइन केस करके फिर आप घर में रहें। जिगरा थोड़ा मैदान में भी आकर दिखाओ। मैं तो निकल गई बहन अगर तेरे में थोड़ा भी जिगरा है तो सामने आ जाना आज। हम भी देख लेंगे। क्यों, नेताड़ी बनने का ज्यादा शौक चढ़ा है, आजा सारे शौक निकलवाऊं मैं….।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *