उत्तराखंड के चमोली में भारी बारिश से तमक नाले का पुल बहा, एक व्यक्ति लापता, आवाजाही ठप

चमोली की नीति घाटी में भारी बारिश से तमक नाला उफान पर आ गया, जिससे वैली ब्रिज बह गया और ज्योतिर्मठ-मलारी मार्ग बाधित हो गया। …

चमोली जनपद की नीति घाटी में सोमवार शाम हुई भारी बारिश के बाद तमक नाला अचानक उफान पर आ गया। पानी के तेज बहाव में ज्योतिर्मठ-मलारी मोटर मार्ग पर तमक नाले में बना वैली ब्रिज बह गया, जिससे नीति घाटी में वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, 123 बीआरटीएफ, सुराईथोटा द्वारा निर्मित वैली ब्रिज नाले में अत्यधिक पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त होकर बह गया।  

पुल के बहने के दौरान GREIF का स्कॉर्पियो वाहन संख्या 24 BE 16058, बोलेरो कैंपर संख्या 23 B 15947 तथा एक अन्य वाहन भी प्रभावित हुए। इस दौरान स्कॉर्पियो चालक NK पंकज कुमार के बहने की सूचना है, जिनकी तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है। स्कॉर्पियो वाहन को सुरक्षित साइड किया गया है।

सुरक्षा के मद्देनजर मलारी की ओर से वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं और राहत एवं बचाव कार्य की तैयारी की जा रही है।

तमक नाले में बढ़े जल प्रवाह के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने निचले इलाकों में नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से मुनादी कर लोगों को सावधानी बरतने और नदी-नालों से दूर रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम खराब होने की स्थिति में अनावश्यक यात्रा न करें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *