
नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा जनपद नैनीताल में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तथा तेज से अति तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय 31 अगस्त को बंद रहेंगे। इसके साथ ही जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक एवं कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश अनुमन्य रहेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
हालांकि, नैनीताल शहर में संचालित ऐसे आवासीय शैक्षणिक संस्थान, जहां विद्यार्थियों के लिए शिक्षा और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हेडलाइंस:
️ नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट: 31 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
⚠️ भारी बारिश के अलर्ट पर DM ललित मोहन रयाल का बड़ा आदेश
कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालयों में एक दिन का अवकाश
नदी-नालों में तेज बहाव और भूस्खलन की आशंका, प्रशासन अलर्ट

