
घर से करीब 200 मीटर दूर मिला प्रियांशु का शव, ग्रामीणों में दहशत—गुलदार की निगरानी और ठोस सुरक्षा व्यवस्था की मांग
पिथौरागढ़/गंगोलीहाट। गंगोलीहाट के खेतीगांव में शनिवार शाम दर्दनाक घटना सामने आई। घर के पास खेल रहे 10 वर्षीय प्रियांशु पुत्र भगवान राम को कथित तौर पर गुलदार उठा ले गया। ग्रामीणों ने गुलदार का पीछा किया, जिसके बाद घर से करीब 200 मीटर दूर बच्चे का शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। वन दरोगा देवेंद्र सिंह महरा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने मौके पर कार्रवाई की, जबकि पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली। शव का पोस्टमार्टम रविवार को किया जाना है।
⚠️ लंबे समय से सक्रिय बताया जा रहा गुलदार
ग्राम प्रधान दान सिंह मेहता के अनुसार क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 25 सितंबर को जनता दरबार में जिलाधिकारी को पत्र देकर गुलदार के आतंक से ग्रामीणों को निजात दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई थी।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा देने के साथ ही क्षेत्र में गुलदार की निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है।
परिवार में पसरा मातम
प्रियांशु की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक के पिता नारायण राम राजमिस्त्री हैं। बच्चे के माता-पिता, बड़े भाई और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गंगोलीहाट और बेरीनाग क्षेत्र में पूर्व में भी गुलदार के हमलों में बच्चों की मौत की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ताजा घटना ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

