
देहरादून में नदी-नालों में बहे लोग, कोटद्वार में मां-बेटी की मौत; अल्मोड़ा में मलबे में दबकर पांच लोगों ने गंवाई जान, भीमताल में चार साल की बच्ची की दर्दनाक मौत

देहरादून/कोटद्वार/अल्मोड़ा/भीमताल। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश मंगलवार को आफत बनकर बरसी। प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश के कारण हुए हादसों में तीन बच्चों समेत 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा लापता है। नदी-नालों के उफान और भूस्खलन से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ।

🌊 देहरादून में नदी में बहे वाहन, दो युवाओं की मौत
देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में कंडोली-बिधोली पुल के पास मंगलवार तड़के तेज बहाव में स्कॉर्पियो और क्रेटा बह गईं। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने स्कॉर्पियो से हरियाणा निवासी 22 वर्षीय संभव को सुरक्षित निकाल लिया, जबकि उसके साथी 21 वर्षीय अक्षय निवासी जयपुर का शव वाहन से बरामद हुआ।
दूसरी क्रेटा में श्रीगंगानगर निवासी अंश बवेजा, सहज प्रीति कौर और 19 वर्षीय कनन सचदेवा सवार थे। अंश और सहज को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि कनन का शव नदी से बरामद हुआ। कनन टाटिया यूनिवर्सिटी, श्रीगंगानगर में एमबीबीएस की छात्रा थी।
🌊 नहर में बहा 10 वर्षीय दिव्यांग बच्चा, तलाश जारी

रायपुर क्षेत्र के बालावाला में 10 वर्षीय दिव्यांग बच्चा नहर के तेज बहाव में बह गया। पुलिस, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमों ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन बच्चे का पता नहीं चल सका।
वहीं पटेलनगर के आईएसबीटी चौकी क्षेत्र से लापता 12 वर्षीय सम्राट का शव बड़ोवाला पुल के पास आसन नदी किनारे बरामद हुआ। एसडीआरएफ ने बरसाती नाले और नदी में तलाशी अभियान चलाया था।

🌊 कोटद्वार में नदी पार करते समय मां-बेटी बहीं
कोटद्वार-पाखरो मार्ग पर कोल्हू नदी पार करते समय बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हो गया। सद्दाम को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उनकी पत्नी 26 वर्षीय जेनम और एक वर्षीय बेटी आफिया तेज बहाव में बह गईं। करीब एक घंटे चले सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों के शव घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर यूपी के कादरगंज क्षेत्र में नदी से बरामद हुए।
⛰️ अल्मोड़ा में घर पर गिरा मलबा, मां-बेटा-बेटी की मौत
हवालबाग ब्लॉक के वडयूड़ा गांव में सोमवार रात करीब 2:30 बजे पहाड़ी से भूस्खलन के बाद मलबा मकान में घुस गया। कमरे में सो रही प्रेमा देवी (42), उनकी बेटी कल्पना आर्या (19) और बेटे मनीष कुमार (18) मलबे में दब गए। राहत एवं बचाव दल ने करीब तीन घंटे के अभियान के बाद तीनों के शव बरामद किए।
⛰️ टिन शेड पर गिरा मलबा, दो नेपाली मजदूरों की मौत
अल्मोड़ा के धार की तूनी क्षेत्र में पहाड़ी से आया मलबा टिन शेड के कमरे में जा घुसा। कमरे में सो रहे दो नेपाली मजदूरों की दबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान दलीप दर्जी और चकरा दर्जी के रूप में हुई है। दोनों नेपाल के कालीकोट जिले के रहने वाले थे।
💔 भीमताल में नाले में बह गई चार साल की बच्ची
भीमताल बाईपास पर मंगलवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। दुकान के सामने खेल रही चार वर्षीय पल्लवी का पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। तेज बहाव में बहने से उसकी मौत हो गई।
लगातार बारिश के बीच उत्तराखंड में नदी-नालों के उफान और भूस्खलन ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। प्रशासन और राहत-बचाव टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रही हैं।

