रक्षाबंधन पर धामी सरकार का बड़ा तोहफा, अब एक नहीं- 2 दिन रोडवेज बसों में मुफ्त सफर करेंगी महिलाएं

हल्द्वानी। रक्षाबंधन पर पहली बार उत्तराखंड रोडवेज में महिलाओं को एक नहीं बल्कि दो दिन रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उत्तर प्रदेश की तर्ज शासन से बुधवार को यहां भी आदेश जारी हो गया।

जीएम संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि 28 और 29 अगस्त को बसों में सफर करने वाली महिलाओं से कोई किराया नहीं वसूला जाएगा। साधारण, सीएनजी के अलावा वोल्वो और एसी बस में भी यह नियम लागू होगा।

उत्तराखंड परिवहन निगम हर साल रक्षाबंधन के दिन महिलाओं को फ्री यात्रा करवाता है। भाई को राखी बांधने जा रही बहनों को परेशानी का सामना न करना पड़े। इसलिए अन्य दिनों के मुकाबले गाड़ियों की संख्या भी बढ़ाई जाती है। 28 अगस्त को त्योहार है।

इस बार मातृशक्ति को दो दिन तक निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। जीएम रोडवेज क्रांति सिंह के अनुसार हल्द्वानी से देहरादून और पर्वतीय क्षेत्रों में सफर करने वाली महिलाओं के लिए एक दिन में लौटना संभव नहीं होता। इसलिए दो दिन निशुल्क यात्रा का निर्णय लिया गया। सभी डिपो के एआरएम को इस संबंध में आदेश जारी किए जा रहे हैं।

राज्य की सीमा पार होने पर लगेगा किराया

निशुल्क यात्रा का आदेश सिर्फ राज्य की सीमा के अंदर लागू होगा। अगर किसी महिला को हल्द्वानी से दिल्ली जाना है रुद्रपुर तक किराया नहीं लगेगा। लेकिन बिलासपुर से आगे का टिकट लेना पड़ा। अगर बरेली का सफर है तो फुलभट्टा के बाद पैसे जोड़े जाएंगे।

वहीं, त्योहार निपटने के बाद परिवहन निगम निशुल्क यात्रा का बिल बनाकर शासन को भेजा जाएगा। फिर शासन स्तर से भुगतान होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *