
मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के लिए विशेष अभियान, एक प्रतिष्ठान को स्वच्छता में कमी पर नोटिस
हल्द्वानी, 24 अगस्त 2026। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने हल्द्वानी में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण का विशेष अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मिलावटखोरी पर प्रभावी रोकथाम करते हुए आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ और मिठाइयां उपलब्ध कराना रहा।
माननीय मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड, देहरादून एवं जिलाधिकारी, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा एवं रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए। इन नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से परीक्षण के लिए भेजा जाएगा।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी किया गया तथा आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल श्री अजब सिंह रावत एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल श्री अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।
प्रमुख सुर्खियां
त्योहारों से पहले हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, पनीर-मिठाइयों के नमूने लिए
रक्षाबंधन-जन्माष्टमी से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, खाद्य विभाग ने चलाया विशेष अभियान
पनीर, पेड़ा, रसगुल्ला और बताशा के नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे
खाद्य प्रतिष्ठान में सफाई व्यवस्था मिली खराब, कारोबारकर्ता को नोटिस
त्योहारी सीजन में मिलावट पर सख्ती, खाद्य विभाग की कार्रवाई रहेगी जारी

