हल्द्वानी: आयुक्त दीपक रावत की जनसुनवाई में भूमि विवाद से लेकर दिव्यांग प्रमाण पत्र तक, कई मामलों का मौके पर निस्तारण

हल्द्वानी, 22 अगस्त 2026
हल्द्वानी। आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने शनिवार को कैंप कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान भूमि विवाद, बकाया धनराशि, आपराधिक तत्वों पर कार्रवाई, दिव्यांग प्रमाण पत्र, मार्ग और पार्कों पर अवैध अतिक्रमण समेत नागरिक समस्याओं की सुनवाई हुई। कई प्रकरणों का मौके पर ही समाधान कराया गया।
भूमि विवाद का निस्तारण, फरियादी ने जताया आभार
ग्राम सल्ट, अल्मोड़ा निवासी लीला देवी ने पिछली जनसुनवाई में शिकायत दी थी कि उन्होंने चांदपुर, काशीपुर स्थित पर्वतीय कॉलोनी में बिल्डर से प्लॉट खरीदा था, पर मौके पर रजिस्ट्री से कम भूमि मिली। आयुक्त ने दोनों पक्षों को तलब किया। आपसी समझौते के बाद बिल्डर ने उसी कॉलोनी में रजिस्ट्री के अनुसार पूरे रकबे के बराबर भूमि अन्यत्र उपलब्ध करा दी। समाधान पर फरियादी ने आभार जताया।
वन पंचायतों के गठन पर ज्ञापन
क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति, वन पंचायत के सदस्यों ने ज्ञापन सौंपा। इसमें कहा गया कि कुमाऊं मंडल में अल्मोड़ा को छोड़कर शेष जिलों में वन पंचायतों का गठन नहीं हुआ है। आयुक्त ने मंडल के सभी जिलाधिकारियों को शीघ्र गठन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
चित्रेश्वर धाम में अतिक्रमण पर जांच के निर्देश
रानीबाग स्थित ऐतिहासिक चित्रेश्वर धाम (चित्रशिला घाट) परिसर में कथित अतिक्रमण हटाने की मांग पर कत्यूरी समाज के लोगों ने आयुक्त को अवगत कराया। आयुक्त ने उपजिलाधिकारी और संबंधित प्राधिकरण को स्थलीय जांच कर आख्या प्रस्तुत करने को कहा।
दिव्यांग प्रमाण पत्र का निस्तारण
ग्राम प्रतापपुर, गोलापार, तहसील हल्द्वानी निवासी कंचन बिष्ट की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने लिखित रूप से पुष्टि की — “मेरा कार्य हो गया है।”
बकाया धनराशि वापसी पर समय-सीमा
दुर्गापुरी, रामनगर निवासी तारा सती ने बताया कि कैलाश सैनी द्वारा तय समय पर धनराशि वापस नहीं की गई। आयुक्त ने 2 अक्टूबर तक वापसी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। समय-सीमा में भुगतान न होने पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश।
रुद्रपुर भूमि रजिस्ट्री — 7 दिन में कार्रवाई
नई बस्ती, भूतबंगला, वार्ड-20, रुद्रपुर निवासी राधा डोगरा ने बताया कि 2016 में खरीदी भूमि की दाखिल-खारिज/रजिस्ट्री दीपक तिवारी एवं पूरन बिष्ट द्वारा नहीं की जा रही। आयुक्त ने 7 दिन के भीतर रजिस्ट्री कार्यवाही पूरी करने और शिकायतकर्ता को परेशान न करने के निर्देश दिए।
अन्य शिकायतें
जनसुनवाई में ललित जोशी (शीशमहल) ने आपराधिक तत्वों पर लगाम, महेश चंद्र जोशी ने इंदिरा आवास कॉलोनी हल्दूचौड़ में सार्वजनिक पार्क को अतिक्रमण मुक्त कराने, जगदंबिका विहार भगवानपुर तल्ला वार्ड-41 ने कॉलोनी पार्क को कब्जा मुक्त कराने का अनुरोध किया। आयुक्त ने अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *