परंपरा से नवाचार तक पहुँची अन्वेषण की यात्रा, बच्चों ने दिखाई हिंदी की समृद्ध विरासत

हल्दूचौड़। चिल्ड्रंस एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को ‘अन्वेषण—परंपरा से नवाचार तक की यात्रा’ विषय पर ज्ञानवर्धक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला और नवाचार का सुंदर संगम प्रस्तुत किया।

नन्हे विद्यार्थियों ने स्वर-व्यंजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी, जबकि कक्षा 10 की छात्राओं सौम्या और साक्षी ने हिंदी मंच का प्रभावी संचालन किया। विद्यार्थियों ने संस्कृत से आधुनिक हिंदी तक की भाषाई यात्रा में संस्कृत, पाली, प्राकृत, अपभ्रंश, अवधी, ब्रज और कुमाऊँनी का परिचय रोचक ढंग से कराया।

इंकवैल सोसाइटी द्वारा पुस्तक एवं कहानी पहचान गतिविधि में विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विभिन्न विषयों पर तैयार मॉडल और प्रोजेक्ट प्रदर्शनी कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहे।

विद्यालय के निदेशक श्रीष पाठक ने संस्कृत भाषा में घड़ी की प्रस्तुति को विद्यार्थियों के नवाचार का अनूठा उदाहरण बताया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रियांशी पाठक ने हिंदी की विकास-यात्रा और विद्यार्थियों की रचनात्मकता की सराहना की। शैक्षिक समन्वयक रेनू मिश्रा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में विषयों को जोड़कर सीखने और सोचने की क्षमता विकसित करते हैं।

प्रधानाचार्य मोनिका जोशी ने कहा कि अन्वेषण जैसे आयोजन विद्यार्थियों को खोजने, सोचने, प्रयोग करने और अपनी प्रतिभा अभिव्यक्त करने का अवसर देते हैं। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए प्रबंधन, शिक्षकगण, विद्यार्थी, अभिभावक एवं समस्त कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

‘अन्वेषण’ ने यह संदेश दिया कि परंपरा, जिज्ञासा और नवाचार का संगम शिक्षा को ज्ञान से आगे बढ़ाकर जीवन को समझने की सुंदर यात्रा बना देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *