रामनगर में पांच दिवसीय सरस मेला-2026 का भव्य शुभारंभ


नैनीताल, 21 अगस्त 2026। रामनगर डिग्री कॉलेज मैदान में शुक्रवार को पांच दिवसीय जनपद स्तरीय सरस मेला-2026 का विधिवत शुभारंभ रामनगर विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। मेले में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने अपने उत्पादों के साथ प्रतिभाग किया।
50 स्टॉलों पर दिखी महिला समूहों की मेहनत
मेले में हस्तशिल्प, हथकरघा, खाद्य पदार्थ, जैविक उत्पाद और लखपति दीदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों सहित विभिन्न वस्तुओं के 50 स्टॉल लगाए गए हैं। इनमें 25 स्टॉल स्वयं सहायता समूहों तथा अन्य स्टॉल स्थानीय उद्यमियों के हैं। मेले में लोग महिला समूहों के उत्पादों की खरीदारी में खासा उत्साह दिखा रहे हैं।
लखपति दीदियां अब बनेंगी करोड़पति दीदी: विधायक
विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि लखपति दीदियां अब करोड़पति दीदी बनें। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर महिला समूहों के उत्पादों को बेहतर बाजार और ब्रांड उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरस मेला पूरे नैनीताल जिले के महिला समूहों के लिए महत्वपूर्ण मंच है। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री और पहचान बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना सरकार का उद्देश्य: सीडीओ
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना है। सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर देता है।
उन्होंने कहा कि महिला समूहों को उत्पादों की ब्रांडिंग, मार्केटिंग, तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे उत्पादों की गुणवत्ता और बाजार क्षमता में वृद्धि हो सके।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगायिका माया उपाध्याय ने कुमाऊनी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग भर दिए।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मंजू नेगी, नगर पालिका अध्यक्ष मोहम्मद अकरम, भाजपा जिला उपाध्यक्ष गणेश रावत, मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र खाती, किसान आयोग सदस्य संजय डॉर्बी, दिनेश मेहरा, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, डीडीओ संतोष पंत, सहायक परियोजना निदेशक चंदा फर्त्याल, बीडीओ गिरीश पांडे सहित तमाम जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *