
देहरादून। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से देहरादून में मुलाकात कर भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की। उन्होंने ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल क्षेत्र में आपदा से क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के पुनर्निर्माण के लिए आपदा मद से आवश्यक धनराशि जारी करने का आग्रह किया।
आपदा से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग
मंत्री कैड़ा ने मुख्यमंत्री को बताया कि आपदा के कारण विधानसभा क्षेत्र के कई मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़कों की खराब स्थिति के चलते स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मार्गों का जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की।
पहाड़ों में प्राधिकरण के नियमों में सरलीकरण का मुद्दा उठाया
मंत्री कैड़ा ने पहाड़ी क्षेत्रों में प्राधिकरण के नियमों के कारण स्थानीय लोगों को मकान, दुकान और अन्य निर्माण कार्यों में आ रही दिक्कतों का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण के नियमों में सरलीकरण करने अथवा पहाड़ी क्षेत्रों से प्राधिकरण व्यवस्था समाप्त करने की मांग की।
क्षेत्र की अन्य समस्याओं के समाधान का भी आग्रह
कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री से भीमताल विधानसभा क्षेत्र की अन्य समस्याओं पर भी जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना जरूरी है।

