
मूसलाधार बारिश ने नैनीताल में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश में लोअर मॉल रोड और डीएसए मैदान जलमग्न हो गए जिससे लोगों और पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पर्यटन नगरी नैनीताल की व्यवस्थाओं को रविवार हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर आईना दिखा दिया। दोपहर में तेज बारिश शुरू होते ही नैनीताल की लोअर मॉलरोड पानी से लबालब हो गई। कुछ ही देर में सड़क ने तालाब का रूप ले लिया। पैदल राहगीरों से लेकर दोपहिया वाहन चालकों तक के लिए आवाजाही मुश्किल हो गई। वहीं डीएसए खेल मैदान भी जलभराव की चपेट में आ गया। जल निकासी की बदहाल व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
रविवार दोपहर हुई तेज बारिश के दौरान लोअर मॉलरोड पर पानी की निकासी नहीं हो सकी। सड़क पर जगह-जगह पानी जमा होने से राहगीरों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा। दोपहिया वाहन चालक भी परेशानी में नजर आए। जबकि चार पहिंया वाहनों के गुजरने से उछलता पानी लोगों को तर करता नजर आया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी का लगातार जमा होना सड़क के क्षतिग्रस्त होने की बड़ी वजह बन रहा है। इसके बावजूद जल निकासी व्यवस्था को लेकर स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है।
डीएसए मैदान में भी जमा हुआ पानी
बारिश का असर डीएसए खेल मैदान में भी देखने को मिला। बास्केटबॉल कोर्ट के समीप जलभराव होने से मैदान का हिस्सा पानी में डूब गया। निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी पंत पार्क की ओर बहता रहा और वाल्मीकि पार्क से होते हुए नैनीझील में पहुंचता रहा। इस दौरान यहां से गुजरते पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

