



गेहूं आटा और गरम मसाले के नमूने जांच के लिए भेजे, नियमों के उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
रक्षाबंधन-जन्माष्टमी को लेकर मिलावटखोरी पर शिकंजा, खाद्य विभाग की टीम ने चलाया अभियान
रामनगर। आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर प्रभावी रोकथाम और आमजन को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 26 अगस्त 2026 को रामनगर के शिवलालपुर एवं चिलकिया क्षेत्र में विशेष निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संग्रहण अभियान चलाया।
आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी, नैनीताल के आदेशों के क्रम में चलाए गए अभियान के दौरान 03 खाद्य प्रतिष्ठानों, जिनमें 02 खाद्य उत्पादन इकाइयां शामिल हैं, का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों एवं विनियमों के तहत दो विधिक खाद्य नमूने संग्रहित किए गए। इनमें खाद्य उत्पादन इकाई से गेहूं आटा तथा गरम मसाला (खड़ा) के नमूने शामिल हैं।
संग्रहित नमूनों को परीक्षण एवं जांच के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, ऊधमसिंहनगर भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग के अनुसार एक प्रतिष्ठान द्वारा मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिस पर संबंधित प्रतिष्ठान को पंजीकरण प्रस्तुत करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। वहीं लाइसेंस के अनुपालन से संबंधित मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल एवं खाद्य टेस्ट रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए जाने पर इन्हें ऑनलाइन सबमिट करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समयावधि में आवश्यक अनुपालन नहीं किए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रामनगर एवं कालाढूंगी, श्री असलम खान के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।

