
चमोली। विकासखंड नंदानगर के कुरूड़-लुंतरा मोटरमार्ग पर चंचोली गधेरे के पास देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात जवान संदीप गौड़, निवासी कुरूड़ गांव, की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार संदीप गौड़ बुधवार देर रात करीब 2 बजे लुंतरा गांव की ओर से कार से अपने घर कुरूड़ लौट रहे थे। चंचोली गधेरे के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
निर्धारित समय तक संदीप के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। ग्रामीणों के साथ परिजनों ने रातभर आसपास उनकी तलाश की, लेकिन घना अंधेरा, बारिश और खराब मौसम होने के कारण दुर्घटनाग्रस्त कार का पता नहीं चल सका।
सुबह सड़क के नीचे दिखी कार की नंबर प्लेट
गुरुवार सुबह ग्रामीणों को सड़क के नीचे कार की नंबर प्लेट दिखाई दी, जिसके बाद अनहोनी की आशंका हुई। खाई में तलाश करने पर दुर्घटनाग्रस्त स्विफ्ट कार दिखाई दी। सूचना मिलते ही नंदानगर थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद जवान के शव को गहरी खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर ले जाया गया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पंचनामा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल गोपेश्वर भेज दिया गया।
छुट्टी पर गांव आए थे जवान संदीप गौड़
बताया गया कि संदीप गौड़ भारतीय सेना की 12 गढ़वाल स्काउट में तैनात थे और इन दिनों छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। वर्ष 2024 में उनका विवाह हुआ था। उनके परिवार में पत्नी और एक छोटा बच्चा है।
जवान की असमय मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर देर रात का अंधेरा, बारिश और सड़क पर फिसलन हादसे की संभावित वजह मानी जा रही है।

