
भीमताल, 13 अगस्त 2026। भारत विभाजन के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों की स्मृति एवं सम्मान में 14 अगस्त को आयोजित होने वाले विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस की तैयारियों को लेकर गुरुवार को विकासखंड सभागार, भीमताल में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की।
मुख्य विकास अधिकारी ने सभी राजकीय एवं निजी उच्च शिक्षण संस्थानों और महाविद्यालयों में कार्यक्रम को गरिमापूर्ण एवं प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों, प्रशिक्षार्थियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों एवं कर्मचारियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
प्रदर्शनी, मौन और श्रद्धांजलि कार्यक्रम होंगे आयोजित
कार्यक्रम के तहत विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसका विद्यार्थी एवं जनप्रतिनिधि अवलोकन करेंगे। विभाजन के दौरान दिवंगत व्यक्तियों की स्मृति में दो मिनट का मौन, श्रद्धांजलि कार्यक्रम और कैंडल मार्च भी आयोजित किए जाएंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, शिक्षाविदों, जनप्रतिनिधियों एवं अन्य गणमान्य नागरिकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी।
स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
सीडीओ ने विद्यालयों में भाषण, निबंध, वाद-विवाद, परिचर्चा एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों को MyGOV पोर्टल पर 15 सितंबर 2026 तक आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित करने को कहा।
विभाजन प्रभावित परिवारों के अनुभव भी होंगे साझा
मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम से जुड़ी गतिविधियों का प्रिंट मीडिया, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। साथ ही विभाजन से प्रभावित परिवारों एवं उनके परिजनों के अनुभव और सुझाव साझा करने के लिए उपयुक्त कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य विभाजन की त्रासदी में अपने प्राणों की आहुति देने वाले लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना है।

