5 करोड़ से अधिक की निर्माण परियोजनाओं की आयुक्त दीपक रावत ने की समीक्षा, समय पर कार्य पूरा करने के निर्देश


कुमाऊं मंडल में 52 बड़ी निर्माण परियोजनाएं संचालित, गुणवत्ता और पारदर्शिता पर दिया जोर
नैनीताल, 11 अगस्त 2026। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने मंगलवार को जिला विकास प्राधिकरण सभागार, नैनीताल में निर्माण विंग एवं उत्तराखंड पेयजल निगम के माध्यम से कुमाऊं मंडल में 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडल स्तरीय प्रगति समीक्षा की।
बैठक में आयुक्त ने विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और तेजी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
कुमाऊं में 52 निर्माण कार्य संचालित
बैठक में निर्माण विंग, उत्तराखंड पेयजल निगम के महाप्रबंधक ने बताया कि कुमाऊं मंडल में कुल 52 निर्माण कार्य संचालित हैं। इनमें से अधिकांश कार्य वर्तमान में गतिमान हैं। जनपदवार समीक्षा में ऊधम सिंह नगर में 7, चंपावत में 15, नैनीताल में 7, अल्मोड़ा में 6, बागेश्वर में 1 तथा पिथौरागढ़ में 5 निर्माण कार्यों की जानकारी दी गई।
आयुक्त ने सभी परियोजनाओं में कार्य की गति बढ़ाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में तकनीकी, प्रशासनिक, भूमि अथवा अन्य किसी प्रकार की बाधा है, उसका संबंधित विभागों से समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
काठगोदाम बस टर्मिनल समेत कई बड़ी परियोजनाएं निर्माणाधीन
बैठक में बताया गया कि ऊधम सिंह नगर में राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर, सितारगंज जेल के विस्तारीकरण और केंद्रीय कारागार/संपूर्णानंद शिविर सितारगंज सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम चल रहा है।
नैनीताल जिले में काठगोदाम बस टर्मिनल, मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग तथा रामनगर बस टर्मिनल एवं बस डिपो का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इसी तरह अल्मोड़ा में सोबन सिंह जीना आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान तथा द्वाराहाट, सल्ट और दन्या में राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य चल रहे हैं। बागेश्वर में राजकीय पॉलिटेक्निक गरुड़ का निर्माण कार्य गतिमान है।
चंपावत में 15 परियोजनाओं पर काम जारी
चंपावत जिले में आईएसबीटी टनकपुर रोडवेज बस टर्मिनल डिपो, वर्कशॉप बिल्डिंग, रीजनल वर्कशॉप बिल्डिंग, चंपावत में पार्किंग, चंपावत व लोहाघाट में फायर स्टेशन तथा टनकपुर इंजीनियरिंग कॉलेज सहित 15 निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
पिथौरागढ़ में बेस चिकित्सालय परिषद, गणाई गंगोली में पॉलिटेक्निक कॉलेज तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेरीनाग में परीक्षा हॉल के निर्माण कार्य भी जारी हैं। खेल विंग की चार परियोजनाओं में से तीन पर कार्य गतिमान बताया गया।
लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर
आयुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न हो। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति, वित्तीय स्थिति, विभागीय समन्वय, भूमि संबंधी प्रकरणों और परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अभियंता पेयजल निगम आलोक कुमार, महाप्रबंधक निर्माण एवं पेयजल निगम अनुज पांडे, अधीक्षण अभियंता अल्मोड़ा संदीप कश्यप, अधीक्षण अभियंता ऊधम सिंह नगर मनीष करारा, अधीक्षण अभियंता हल्द्वानी ए.के. कटारिया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *