हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर दर्दनाक हादसा, डंपर की टक्कर से स्कूटी सवार युवक की मौत


तेज रफ्तार भारी वाहनों पर उठे सवाल, स्थानीय लोगों ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग
लालकुआं। लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सड़क पार कर रहे स्कूटी सवार युवक को तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान हिम्मतपुर निवासी कमल पांडे पुत्र पूरन पांडे के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलने पर लालकुआं कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार वाहनों पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में रोष है। लोगों का कहना है कि हल्दूचौड़ मुख्य चौराहे पर लगातार वाहनों की आवाजाही रहती है और तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण यहां हादसों का खतरा बना रहता है।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने चौराहे पर यातायात व्यवस्था बेहतर करने, वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और सड़क हादसों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *